
PUBG के जरिए हुई दोस्ती, 5 हजार रुपये कमीशन लेकर दिया बैंक खाता और एटीएम कार्ड; साइबर सेल की जांच में खुला मामला
आजमगढ़। फर्जी मोबाइल एप के माध्यम से लखनऊ निवासी एक व्यक्ति से 21.17 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर सेल की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने आजमगढ़ के एक युवक और उसके लखनऊ निवासी साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी संजय महरोत्रा ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने फर्जी एप के जरिए उनसे 21.17 लाख रुपये की ठगी कर ली। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम में से 90 हजार रुपये 28 नवंबर 2025 को एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
तकनीकी जांच में सामने आया कि उसी दिन उक्त खाते से लखनऊ में एटीएम के जरिए नौ बार में पूरी रकम निकाल ली गई। बैंक खाते के धारक के रूप में आजमगढ़ के आसिफगंज निवासी मो. जैद की पहचान हुई।
पूछताछ में मो. जैद ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान ऑनलाइन PUBG गेम खेलने के दौरान लखनऊ निवासी ताहा से हुई थी। ताहा ने पैसों का लालच देकर उसका बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास ले लिया तथा खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया। इसके एवज में उसे 5,000 रुपये कमीशन भी मिला था।
साइबर सेल की जांच में यह भी सामने आया कि मो. जैद का बैंक खाता एक अन्य साइबर धोखाधड़ी की शिकायत में भी शामिल पाया गया। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने मो. जैद और ताहा के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी में सहयोग सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।