
नगरपालिका, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप, जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी
आजमगढ़। शहर के हीरापट्टी मोहल्ले में वर्षों से जर्जर और जलभराव से बदहाल सड़क के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे गड्ढों में पौधे रोपकर नगरपालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि हीरापट्टी, आरजीबाग, शिवाजी नगर समेत कई मोहल्लों के हजारों लोगों का आवागमन इसी सड़क से होता है। इसी मार्ग से फातिमा स्कूल, सेंट्रल स्कूल और शिब्ली कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी रोजाना गुजरते हैं। इसके अलावा श्री चित्रगुप्त मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है, जिससे श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हरिकेश श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार नगर पालिका और प्रशासन को ज्ञापन व शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय के नगर क्षेत्र में सड़क की ऐसी स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि पहले जिलाधिकारी से मिलकर सड़क निर्माण की मांग रखी जाएगी। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भारत रक्षा दल बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में अजय सिन्हा एडवोकेट, जावेद अंसारी, सुशील कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, डॉ. धीर जी, द्वारिकाधीश पांडेय, दुर्गेश श्रीवास्तव, धनंजय अस्थाना, हिमांशु सिंह, सोनू मिश्रा, जश्निल कुमार, आलोक शर्मा, राजन अस्थाना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।