शिक्षक समाज का आईना होता है : वेद प्रकाश राय

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

शैक्षिक संगोष्ठी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर, महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हौसला अफजाई की जरूरत
सगड़ी/आजमगढ़। अजमतगढ़ ब्लॉक सभागार में मंगलवार को शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गोरखपुर अरविंद जायसवाल, डायट प्राचार्य चंदन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक और खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।


मुख्य अतिथि पूर्व संयुक्त शिक्षा सचिव, बेसिक विभाग उत्तर प्रदेश सरकार वेद प्रकाश राय ने कहा कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। शिक्षक समाज का आईना और राष्ट्र का निर्माणकर्ता होता है। शिक्षक के पढ़ाए विद्यार्थी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, पायलट और राजनेता बनकर देश की सेवा करते हैं। देश को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए। शासन की योजनाओं का सही ढंग से पालन करते हुए समय सारिणी के अनुसार कक्षाएं संचालित की जाएं। बच्चों को प्रतिदिन गृहकार्य देने के साथ उसकी जांच भी की जाए। उन्होंने मीनू के अनुसार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनकी समस्याओं का समय से समाधान जरूरी है। सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों से प्रभावित कारकों की पहचान कर दिसंबर 2026 तक विकास क्षेत्र अजमतगढ़ को निपुण बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता शिक्षक में ही है। भाषा और गणित में बच्चों की बुनियादी दक्षता मजबूत होगी, तभी वे आगे की शिक्षा बेहतर ढंग से ग्रहण कर सकेंगे।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि अजमतगढ़ ब्लॉक के 163 विद्यालयों का कायाकल्प के तहत सुंदरीकरण कराया गया है और विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशिष्ट अतिथि गोरखपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल ने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जरूरत सिर्फ उनका हौसला बढ़ाने की है।
कार्यक्रम में संतोष कुमार, विमल प्रकाश, प्रदीप तिवारी, जसवंत कुमार, धनंजय सिंह, होमा परवीन, केदार यादव और रविशंकर मिश्रा समेत अन्य लोगों ने विचार रखे। अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने की और संचालन डॉ. हरिकेश मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *