बिलरियागंज के गोरिया गांव की युवती की राजेसुल्तानपुर के पोखरभिट्टा में हुई है शादी
बिलरियागंज। थाना क्षेत्र के गोरिया गांव की एक विवाहिता को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। विवाहिता सुधा शर्मा पत्नी रामबदन शर्मा की शादी अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पोखरभिट्टा गांव में हुई है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए लगातार उत्पीड़न, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
विवाहिता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि आए दिन उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। मायके पक्ष का दावा है कि विवाद के दौरान विवाहिता के शरीर के नाजुक अंगों पर भी चोट पहुंचाई गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग विवाहिता की विदाई कराने के लिए पोखरभिट्टा स्थित उसके ससुराल पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान विवाहिता के भाई के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का दावा है कि दबाव बनाकर विवाहिता से उसके स्वस्थ होने की बात कहलवाई गई और उसका वीडियो भी बनवाया गया, ताकि बाद में यह दिखाया जा सके कि उसके साथ कोई मारपीट या उत्पीड़न नहीं हुआ।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के साथ मामले को दबाने का भी प्रयास किया गया। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विवाहिता के पिता ने घटना के बाबत अम्बेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाने में बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दिया है।