
महिलाओं से अभद्रता और आभूषण छीनने के प्रयास का आरोप, किन्नर पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनकट जगदीश गांव में मंगलवार सुबह बधाई मांगने पहुंचे किन्नर समुदाय के लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां थाने के बाहर भी आमना-सामना होने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। किन्नर पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम प्रधान जगदंबा प्रसाद के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे किन्नर समुदाय के कुछ लोग गांव में बधाई मांगने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान गांव की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उनके आभूषण छीनने का प्रयास किया गया। सुमन पत्नी संजय और सपना पत्नी संजय ने भी आभूषण छीनने की कोशिश का आरोप लगाया। विरोध करने पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
वहीं, किन्नर समुदाय की गुरु एवं अध्यक्ष किरन किन्नर ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया। उनका आरोप है कि समुदाय के लोग परंपरागत रूप से बधाई देने गए थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान के इशारे पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हुए।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि किरन किन्नर की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाने के बाहर फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
शिकायत लेकर थाने पहुंचे दोनों पक्षों के बीच बाहर भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति संभाली। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ घटना की निष्पक्ष जांच की जा रही है।