अंबेडकरनगर जनपद के कटका थाना क्षेत्र के भगवानपुर मंझरिया गांव का निवासी था मृतक
बलरामपुर। अतरौलिया अस्पताल में करंट से झुलसकर भर्ती युवक की गुरुवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रियंका सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंबेडकरनगर जनपद के कटका थाना क्षेत्र के भगवानपुर मंझरिया गांव निवासी 33 वर्षीय संजय गुजरात में एक कंपनी में काम करता था। करीब एक माह पूर्व वह घर आया था। उसकी ससुराल कटका थाना क्षेत्र के पाभी गांव में है। इन दिनों वह पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था।
गुरुवार की दोपहर संजय मोबाइल का चार्जर बिजली के बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए अतरौलिया अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। उपचार के दौरान गुरुवार की रात उसकी मौत हो गई। मृतक एक पुत्र एक पुत्री का पिता था। घटना के बाद से पत्नी प्रियंका समेत परिवार के लोगों में मातम पसरा हुआ है।