
भगवान शिव-पार्वती के स्वरूप में सजे बच्चों ने लगाए जयकारे, किया जलाभिषेक
आजमगढ़। आइकॉनिक स्कूल ऑफ आजमगढ़ वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में श्रावण मास के पावन अवसर पर केजी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए सावन सेलिब्रेशन एवं कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में सजे बच्चों ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर से कांवड़ यात्रा निकाली गई। नन्हे कांवड़ियों ने भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के बाद शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के स्वरूप में सजे बच्चों का तिलक और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बच्चों को श्रावण मास के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही सेवा, संस्कार, अनुशासन, संयम और सदाचार को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शोमिता श्रीवास्तव, आरती सिंह, कुमकुम दुबे और उपासना राय सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ का योगदान रहा।
बच्चों की सुरक्षा के लिए कांवड़ यात्रा के दौरान बनकट पुलिस चौकी प्रभारी सौरव सिंह, सुधीर यादव एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। विद्यालय परिवार ने पुलिस टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को छोटी उम्र से ही भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। नन्हे बच्चों की कांवड़ यात्रा और सावन से जुड़ी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।