होमगार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी का आरोप, चार पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


फर्जी पुलिस विभाग की नेम प्लेट दिखाकर नौकरी पक्की होने का दिलाया भरोसा, रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप

गंभीरपुर थाने में धोखाधड़ी समेत तीन धाराओं में एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। होमगार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी लगवाने का झांसा देकर रकम लेने के बाद आरोपित ने पुलिस विभाग की नेम प्लेट दिखाकर नौकरी पक्की होने का भरोसा दिलाया। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो रुपये वापस मांगने पर कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में गंभीरपुर थाने की पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2022 में उसकी परिचित महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात संजय जयसवार से हुई थी। कथित तौर पर संजय ने शिकायतकर्ता के बेटे को होमगार्ड की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले डेढ़ लाख रुपये की मांग की। नौकरी लगने की उम्मीद में शिकायतकर्ता ने कई बार में उक्त रकम देने की बात एफआईआर में कही है।
पुलिस विभाग की नेम प्लेट दिखाकर नौकरी पक्की होने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम देने के करीब पांच-छह महीने बाद संजय उसके घर पहुंचा और ऐसी नेम प्लेट दिखायी, जिस पर उसके बेटे का नाम लिखा था। आरोप है कि संजय ने इससे नौकरी पक्की होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग बातें बताकर शिकायतकर्ता को इंतजार कराया गया।
जांच में फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने का आरोप
एफआईआर में शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने कथित नेम प्लेट और नौकरी से संबंधित प्रक्रिया के बारे में जानकारी जुटाई तो उसे पूरी कार्रवाई फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने संजय से अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद संजय अन्य लोगों को साथ लेकर उसके घर पहुंचा। रकम वापस मांगने पर चारों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
संजय समेत चार लोगों पर मुकदमा
गंभीरपुर थाने में दर्ज एफआईआर में संजय जयसवार, सुषमा, प्रीति उर्फ ममता और महाजन को आरोपी बनाया गया है। मामले में धारा 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *