मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं व आमजन को किया जागरूक

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


डेंटल कॉलेज इटौरा, रेलवे स्टेशन और एसएन कॉन्वेंट स्कूल में सिधारी पुलिस ने चलाया अभियान
डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके, आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने सोमवार को डेंटल कॉलेज इटौरा, रेलवे स्टेशन आजमगढ़ और एसएन कॉन्वेंट स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और आमजन को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, स्वावलंबन तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने प्रोजेक्टर, पीपीटी और पंपलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट के नाम पर फर्जी पुलिस, सीबीआई या साइबर पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और उनसे धनराशि की मांग करते हैं। इसके अलावा ईमेल फिशिंग, फर्जी लिंक, संदिग्ध ऐप डाउनलोड कराने, गिफ्ट व लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती कर ठगी करने जैसे तरीकों से भी सावधान रहने की अपील की गई। लोगों को म्यूल अकाउंट और फर्जी मोबाइल नंबरों के दुरुपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। लोगों को सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध ईमेल के अटैचमेंट डाउनलोड करने से भी बचें।
महिला सुरक्षा के हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108 और 102 तथा अग्निशमन सेवा 101 के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान महिला उपनिरीक्षक स्मिता गुप्ता, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, धर्मराज यादव, कांस्टेबल महेश कुमार, सोनू कुमार, पवन कुमार, ऐश कुमार तथा महिला कांस्टेबल रुक्मणि, नैन्सी केसरवानी, नीतू तिवारी, सोनी गुप्ता और श्वेता पाण्डेय सहित थाना सिधारी के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *