
भुजही गांव में नाली की सफाई न होने से सड़क पर जलभराव, ग्रामीणों ने तत्काल जल निकासी की मांग उठाई
आजमगढ़। जहानागंज से दौलताबाद पीजीआई को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित भुजही गांव की मुख्य सड़क पिछले लगभग दस दिनों से जलमग्न है। लगातार हो रही बारिश और नालियों की सफाई न होने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क पर जमा पानी के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्कूली बच्चों को पानी के बीच होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है, जबकि बाइक और साइकिल सवार फिसलन के कारण हर समय हादसे की आशंका से जूझ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि जलभराव से ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
ग्रामीण संतोष, महेंद्र, कन्हैया लाल गुप्ता, शिवधनी, राजनाथ सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में पांच सफाई कर्मी तैनात हैं। कुछ समय पहले लाखों रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन नियमित सफाई न होने से नालियां जाम हो गई हैं। इसके चलते वर्षा का पानी सड़क पर भर गया है और कई दिनों से उसकी निकासी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।