मेहियापार में सुभासपा का विजय संकल्प महासम्मेलन, ओम प्रकाश राजभर बोले—संगठन मजबूत करें कार्यकर्ता

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर राजनीत

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे मुख्य अतिथि, अरुण राजभर के समर्थन में कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान

आजमगढ़। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के मेहियापार में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के तत्वावधान में “विजय संकल्प महासम्मेलन एवं स्वागत समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मुख्य अतिथि तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री हंसराज विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और रोजगार सृजन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि अरुण राजभर को एनडीए की ओर से अतरौलिया विधानसभा का प्रत्याशी बनाया जाता है तो विश्वकर्मा समाज उन्हें विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से सहयोग करेगा।

इस अवसर पर सुभासपा नेता अरुण राजभर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों तथा सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन सुभासपा के प्रदेश महासचिव डॉ. घनश्याम विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया। समारोह में पूर्व मंत्री कृष्णमुरारी विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, अनूप विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, रोहन विश्वकर्मा, कवि अरुणेश विश्वकर्मा, वकील चौरसिया, रमाशंकर राजभर, हरिबदन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *