पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराई पिकअप, एक की मौत, दो गंभीर घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


229.2 किलोमीटर पर हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तहबरपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 229.2 किलोमीटर के पास हुआ। घटना के बाद पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, लखनऊ निवासी सियाराम राजपूत ने बताया कि उनका भाई शंभू राजपूत अपने साथी विवेक पांडेय तथा पिकअप चालक के साथ पिकअप वाहन से जनरेटर लेकर लखनऊ से बलिया जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 229.2 किलोमीटर पर एक ट्रेलर सड़क पर लापरवाहीपूर्वक खड़ा था। सामने अचानक ट्रेलर आने से पिकअप वाहन उसमें जा भिड़ा।


हादसा इतना भीषण था कि शंभू राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विवेक पांडेय और पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


घटना की सूचना पर तहबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रेलर संख्या PB13 BQ 9055 के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है और मामले की विवेचना जारी है।


पुलिस का कहना है कि सड़क पर लापरवाही से वाहन खड़ा करना इस दर्दनाक हादसे का प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *