
पहले 50 हजार लौटाकर 3.55 लाख देने का किया वादा, तय तारीख बीती तो फिर नहीं लौटाए रुपये; महिला की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सोने-चांदी के गहने खरीदने के लिए दिए गए 4.05 लाख रुपये के बाद भी न गहने मिले और न पूरी रकम वापस हुई। रुपये वापस मांगने पर लगातार टालमटोल का आरोप है। परेशान महिला ने पुलिस से गुहार लगाई तो अब मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी कौशल्या देवी पत्नी सत्यदेव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ जून 2026 को उन्होंने सोने और चांदी के गहने खरीदने के लिए 4.05 लाख रुपये दिए थे। इसमें 75 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से और 3.30 लाख रुपये चेक से भुगतान किए गए थे।
महिला का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी उसे गहने नहीं दिए गए। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो उसे बार-बार बाद में भुगतान करने की बात कहकर टाल दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 29 जुलाई को शिकायत दर्ज होने के बाद 50 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि बाकी 3.55 लाख रुपये 10 अगस्त को देने का भरोसा दिया गया था। लेकिन तय तारीख आने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई।
लगातार चक्कर लगाने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कौशल्या देवी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए उनका सामान अथवा रुपये वापस दिलाने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक सितंबर को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर ली। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी को सौंपी गई है।