43 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


बैनामा कराने के नाम पर रुपये लेकर नहीं की रजिस्ट्री, रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
आजमगढ़। जनपद के थाना कन्धरापुर पुलिस ने 43 लाख रुपये की कथित जमीन धोखाधड़ी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर भूमि का बैनामा कराने के नाम पर बड़ी रकम लेने, बैनामा न कराने तथा रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कन्धरापुर में मुकदमा संख्या 84/2026 दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बैंक खातों और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच में कम्हेनपुर निवासी दिवाकर (59 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई अन्य गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुरुवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव कम्हेनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अजय कुमार त्रिपाठी तथा कांस्टेबल नितिन कुमार मिश्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *