दहेज हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, जिवली तिराहे से पुलिस ने दबोचा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार की सुबह जिवली तिराहे के पास से दबोचा। मामले में मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पचेवरा गांव निवासी दीपक पुत्र रामचेत विश्वकर्मा ने बरदह थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन वर्षा विश्वकर्मा का विवाह वर्ष 2021 में बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ निवासी जयहिन्द विश्वकर्मा पुत्र लालता प्रसाद विश्वकर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर वर्षा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

वादी के मुताबिक 4 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे फोन से सूचना मिली कि वर्षा ने फांसी लगा ली है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या करने के बाद उसे आत्महत्या का रूप दे दिया। तहरीर के आधार पर बरदह पुलिस ने मु0अ0सं0 266/2026, धारा 85/80(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत पति जयहिन्द, ससुर लालता प्रसाद, सास मालती और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मामले में कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष बरदह चन्द्रदीप कुमार मय हमराह ने बुधवार को सुबह करीब 8:30 बजे जिवली तिराहे के पास से आरोपी पति जयहिन्द पुत्र लालता प्रसाद विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी योगेश कुमार दुबे और महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *