
मेहनगर के गोपालपुर में हुआ हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मकान की दीवार में मारी जोरदार टक्कर, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलरामपुर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने एक मकान की दीवार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार भरभराकर गिर गई। इसी दौरान घर में सो रही करीब 50 वर्षीय विनीता सिंह मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
घटना 12 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई गई है। एफआईआर के अनुसार, विनीता सिंह घर में सो रही थीं। इसी दौरान ट्रक संख्या HR55 W1683 लेकर गोपालपुर निवासी रणजीत सिंह तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहुंचा और मकान की दीवार में टक्कर मार दी। दीवार गिरने से विनीता के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पति ने दी तहरीर, चालक पर मुकदमा
हादसे के बाद मृतका के पति ओंकार सिंह ने मेहनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ट्रक चालक रणजीत सिंह पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी गोपालपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 106(1) और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामगोपाल त्यागी को सौंपी गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।