
सुबह पंचायत सहायक पहुंचा तो टूटा मिला ताला, अंदर बिखरा पड़ा था सामान; ग्राम पंचायत प्रशासक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीबीपुर स्थित पंचायत भवन को चोरों ने निशाना बना लिया। रात में ताला तोड़कर चोर पंचायत भवन के अंदर रखा कंप्यूटर, बैटरी, इन्वर्टर, कैमरा, वाई-फाई राउटर और प्रिंटर समेत अन्य सामान समेट ले गए। घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत बीबीपुर के प्रशासक/प्रधान जय हिंद यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरी की। 10 अगस्त की सुबह करीब 9:45 बजे पंचायत सहायक किरण यादव पंचायत भवन पहुंचीं तो ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और कई उपकरण गायब थे।
चोरी गए सामान में लेनोवो कंपनी का कंप्यूटर (सीपीयू और मॉनिटर), 160 एएच की दो बैटरियां, इन्वर्टर, चार कैमरे, डीवीआर, वाई-फाई राउटर और एचपी प्रिंटर शामिल बताए गए हैं। ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद चोरों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(e) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंबुज कुमार राही को सौंपी है।