पोखरे में डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत, दोस्त को बचाने में गई दूसरी जान

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

कलीचाबाद गांव में नहाने के दौरान हुआ हादसा, बचाने कूदे दूसरे किशोर की भी डूबकर मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। देवगाँव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि नहाने के दौरान एक किशोर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उसका साथी बिना अपनी जान की परवाह किए पोखरे में कूद पड़ा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूब गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार, कलीचाबाद निवासी अंशु मौर्या (15) पुत्र आशुतोष मौर्या रविवार दोपहर गांव के पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अंशु को बचाने के लिए गांव का ही अल्तमस (14) पुत्र फखरे आलम तत्काल पोखरे में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। दोनों को डूबता देख गांव के अजय सरोज (35) भी बचाव के लिए पोखरे में उतरे, मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।


ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर देवगाँव कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह, राजस्व विभाग की टीम, नायब तहसीलदार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।


अल्तमत के पिता फखरे आलम स्थानीय निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। वहीं अंशु मौर्या के पिता आशुतोष मौर्या मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों परिवारों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *