
एसडीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम ने हटाया रास्ते से अतिक्रमण, दोनों पक्षों को न्यायालय के आदेश का इंतजार करने की हिदायत
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह। दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव में बुधवार को ग्राम सभा की जमीन और रास्ते पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता के निर्देश पर नायब तहसीलदार अरुण प्रकाश कोल, मार्टिनगंज चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह, दीदारगंज पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवादित स्थल पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन एक-दूसरे का विरोध करते नजर आए। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।
मुख्य रास्ता अवरुद्ध होने की जताई आशंका
मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के जितेंद्र राजभर पुत्र स्वर्गीय बाबू नंदन ने बुधवार को एसडीएम बलराम गुप्ता को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी द्वारा घर के मुख्य रास्ते पर राजगीर मिस्त्री और मजदूरों की मदद से निर्माण कराया जा रहा है। इससे आवागमन बाधित होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि पुराने मिट्टी के जर्जर रिहायशी मकान के स्थान पर मुख्यमंत्री जीरो पॉवर्टी योजना के तहत गीता पत्नी अमृतलाल को ब्लॉक मुख्यालय मार्टिनगंज से आवास निर्माण की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये मिले हैं। इसके तहत नींव से करीब पांच फुट तक दीवार का निर्माण हो चुका है। आरोप है कि निर्माण कार्य में जबरन बाधा डाली जा रही है। उन्होंने संबंधित जमीन आबादी खाते में दर्ज होने की बात कही। रास्ते से संबंधित मामला आजमगढ़ के दीवानी न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया जबरन निर्माण का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के रमेश कुमार पुत्र रामप्यारे ने बताया कि उन्होंने करीब पांच दिन पहले एसडीएम मार्टिनगंज और दीदारगंज थानाध्यक्ष को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि घर से सटी गाटा संख्या 1491 की जमीन पुश्तैनी है, जबकि गाटा संख्या 1490ख की जमीन मौजूदा खतौनी में मोती लाल के नाम दर्ज है। दोनों जमीनों से संबंधित मामला भी आजमगढ़ के दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है।
रमेश कुमार का आरोप है कि पड़ोसी जितेंद्र समेत उनके परिवार के लोग जबरन निर्माण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर घर के सामने निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
न्यायालय के निर्देश के बाद ही होगा आगे का कार्य
नायब तहसीलदार अरुण प्रकाश कोल ने बताया कि दोनों पक्षों के विवादित निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। न्यायालय से जो निर्देश प्राप्त होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को हटाया गया है और फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस दौरान लेखपाल रामबिलास कुमार समेत पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।