
सुबह जमीन पर पड़ा मिला शव, हाथ में था बिजली का तार; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बागेश्वर नगर मोहल्ले में स्थित एक मैरेज हॉल में करंट लगने से होटल कर्मचारी की मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गांगेपुर गांव निवासी सुशील राय (32) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, सुशील राय रोडवेज के पास स्थित एक होटल में काम करते थे और पास के मैरेज हॉल में रहते थे। मंगलवार शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने कमरे पर चले गए थे। बताया जा रहा है कि रात में परिसर में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
बुधवार सुबह लोगों ने सुशील को जमीन पर पड़ा देखा। उस समय उनके हाथ में बिजली का तार था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे सुशील
सुशील राय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से गांव और परिवार में शोक का माहौल है।