
गणेश पंडाल में सजावट के बाद चाय पीने सरायमीर जा रहे थे नौ किशोर, तड़के 4:30 बजे हुआ भीषण हादसा
हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। भीषण हादसे में कार सवार तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई गई है। सभी फूलपुर कस्बे में गणेश पंडाल में देर रात तक सजावट का काम कर रहे थे। काम पूरा होने के बाद सभी ने तड़के सरायमीर जाकर चाय पीने का प्लान बनाया। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे स्विफ्ट डिजायर कार से सरायमीर की ओर रवाना हुए।
अभी कार कुछ दूर ही पहुंची थी कि अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किशोर अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
तीन घरों में पसरा मातम
हादसे में 17 वर्षीय सत्यम मोदनवाल पुत्र नाटे मोदनवाल, 17 वर्षीय निखिल मद्धेशिया पुत्र राम फेर तथा लकी सोनकर पुत्र अखिल सोनकर की मौत हो गई। वहीं घायलों में सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि फूलपुर की तरफ से स्विफ्ट डिजायर कार में नौ लोग सवार होकर आ रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।