

बेटे के साथ बहन के घर से लौट रही थी फूला देवी, हादसे में बेटा घायल; टक्कर के बाद चालक फरार
सड़क हादसे के बाद मची चीख-पुकार, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित किया; पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव के पास सोमवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका बेटा भी घायल हो गया। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से मां-बेटे को सठियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा नैनीजोर कोलवा गांव निवासी फूला देवी (46) पत्नी चंद्रभान सोमवार को अपने 20 वर्षीय बेटे सौरभ के साथ जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिल गांव स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। शाम को दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
बताया गया कि सठियांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सठियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद फूला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सौरभ को मामूली चोटें आई हैं।
विदेश में रहते हैं पति
फूला देवी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके पति चंद्रभान रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। महिला की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।