
10वीं से स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग, 12 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में 25 सितंबर 2026 को जनता इंटर कॉलेज, अम्बारी में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 25 से 30 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
सहायक निदेशक सेवायोजन ने बताया कि रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक और परास्नातक शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इन कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर
रोजगार मेले में अतुल ऑटो लिमिटेड, रेजॉन सोलर लिमिटेड, उन्नो मिंडा अहमदाबाद, केल्विन पाइप प्राइवेट लिमिटेड, फ्लिपकार्ट अहमदाबाद, जेपी वीएमजी मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड, अन्नपूर्णा रिक्रूटमेंट रिसर्च सेंटर, डिक्सन टेक्नोलॉजी लिमिटेड, एनएसडीसी इंटरनेशनल लिमिटेड, एशियन इलेक्ट्रॉनिक कंपनी, टीएसपीएल ग्रुप सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड और ओमोजा मार्केटप्लेस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड समेत करीब 25-30 निजी कंपनियां शामिल होंगी।
इन कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिलने की संभावना है। विभिन्न कंपनियों में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन पंजीयन के बाद कर सकेंगे आवेदन
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर रोजगार मेले में प्रदर्शित रिक्तियों का विवरण देखना होगा। अभ्यर्थी अपनी पंजीकृत यूजर आईडी के माध्यम से संबंधित रिक्तियों के लिए ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने बेरोजगार अभ्यर्थियों से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।