घर के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मुंबई से एक माह पहले आया था अजीत राजभर, मंगलवार को वापस जाने की थी तैयारी; मौत की वजह स्पष्ट नहीं

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव में सोमवार रात 28 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। युवक करीब एक माह पहले मुंबई से घर आया था और मंगलवार को वापस मुंबई जाने की तैयारी कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेलहरा गांव निवासी अजीत राजभर (28) मुंबई में जेसीबी चलाने का काम करता था। बारिश के मौसम में काम बंद होने के कारण वह करीब एक माह पहले घर आया था। परिजनों के अनुसार मंगलवार को उसे वापस मुंबई जाना था और वह इसकी तैयारी में जुटा था।
सोमवार रात खाना खाने के बाद अजीत अपने कमरे में चला गया। रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी मनीषा कमरे में पहुंची तो पति का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता देखकर उसके होश उड़ गए। पत्नी के शोर मचाने पर उसकी मां बबिता समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अजीत को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजीत ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजीत के एक बेटा है। घटना के बाद पत्नी मनीषा, मां बबिता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *