पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने पर बवाल, पिस्टल से ताबड़तोड़ किया फायरिंग, पत्नी समेत तीन की मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


घर में पूजा करा रहे पंडितों से हुआ विवाद, फायरिंग से मचा हड़कंप, दो पंडितों के मौत की भी सूचना

अहरौला के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम घर में पूजा के दौरान विवाद ने लिया खूनी रूप, प्रारंभिक जानकारी में पिस्टल के साथ राइफल से भी गोली चलने की बात, पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य

हिंदी न्यूज़ 24
अहरौला। थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम घर में चल रही पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह का पूजा करा रहे पंडितों से विवाद हो गया। इसी दौरान उसने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता समेत पंडित महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी। घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। घर में पूजा होते देखकर उसने पंडितों से पूजा के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उसने पंडितों से आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया।
इसी बात को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता समेत दो पंडित अखिलेश मिश्रा वह महेंद्र पाठक घायल हो गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
राइफल से भी गोली चलने की बात
घटना के दौरान राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की प्रारंभिक जानकारी सामने आ रही है। फायरिंग की आवाज सुनकर घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके से हथियार समेत फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटना के बाद गांव में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों, फायरिंग की परिस्थितियों और मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *