तमसा नदी में डूबने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत, लकड़ी तोड़ते समय बिगड़ा था संतुलन, कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


शनिवार शाम नदी में गिरा था बीरू, रविवार सुबह उतराया मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के बेलवा किशुनपुर गांव में शनिवार शाम तमसा नदी में डूबने से 40 वर्षीय बीरू की मौत हो गई। वह नदी किनारे पेड़ से लकड़ी तोड़ रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में जा गिरा। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव नदी में उतराया हुआ देखा।
जानकारी के अनुसार बीरू शनिवार शाम लकड़ी तोड़ने के लिए घर से निकला था। तमसा नदी के किनारे पेड़ पर चढ़कर वह लकड़ी तोड़ रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया। उस समय नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाया। आसपास के ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की तो बीरू का शव पानी में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची तहबरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की एक बेटी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *