विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने जताई आशंका

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


एक माह पहले ऑपरेशन से दिया था बच्चे को जन्म, अचानक पेट में तेज दर्द के बाद मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव में शनिवार रात 22 वर्षीय विवाहिता अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक पेट में तेज दर्द उठने के बाद परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर लेकर पहुंचे थे। यहां उपचार के दौरान रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। मौत की जानकारी मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के चकफरीद गांव निवासी हरिश्चंद चौहान की पुत्री अंजली की शादी करीब तीन वर्ष पहले तरवां थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव निवासी प्रिंस चौहान के साथ हुई थी। बताया गया कि करीब एक माह पहले ही अंजली ने ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया था।
परिजनों के अनुसार शनिवार को अचानक अंजली के पेट में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।
अंजली की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए तरवां पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *