
वैसाडीह गांव में शाम को पोखरे में उतराता मिला शव, परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार
हिंदी न्यूज़ 24
सुबह से शराब पी रहा था युवक, शाम को चौराहे के पास पोखरे में कूदने की बात, शव घर पहुंचने पर परिवार में मचा कोहराम हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कोतवाली फूलपुर क्षेत्र के वैसाडीह गांव में शुक्रवार शाम पोखरे में डूबने से 25 वर्षीय युवक बिरेन्द्र चौहान की मौत हो गई। शाम करीब साढ़े सात बजे पोखरे में शव उतराता देखकर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
बताया गया कि बिरेन्द्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार उसे शराब पीने की आदत थी। शुक्रवार सुबह से ही उसने शराब पी रखी थी। शाम के समय वह वैसाडीह गांव के चौराहे के पास स्थित पोखरे में कूद गया। इसके बाद वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने शव को पोखरे से बाहर निकालकर घर पहुंचाया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। बिरेन्द्र के दोनों भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली और पंजाब में रहते हैं। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में उसकी मां और परिवार की महिलाएं हैं।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से घटना की सूचना मिली थी। परिजन किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं और उनकी ओर से कोई लिखित सूचना भी नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में पोखरे में डूब गया।