जमीन दिलाने के नाम पर 3.10 लाख की ठगी का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

जहानागंज में इसरावती देवी की तहरीर पर FIR दर्ज, जमीन न देने और रकम वापस न करने का आरोप


आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर महिला से 3.10 लाख रुपये हड़पने का आरोप सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। FIR में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई दर्ज की गई है।


FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता इसरावती देवी पत्नी स्वर्गीय किशुन राम ने पुलिस अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने ननिहाल क्षेत्र में रहती हैं और उनके पास रहने का कोई दूसरा सहारा नहीं है। आरोप है कि इसी दौरान अवधशरण चौबे उर्फ दाढ़ी पुत्र राजित चौबे, निवासी खानपुर थाना जहानागंज और हरेंद्र राजभर पुत्र दुरपत राजभर, निवासी टोडरपुर समेत अन्य व्यक्ति उनके पास आए।


शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने महिला को बताया कि गांव में नन्दलाल सिंह का खेत बिक रहा है और उसे दिखाने के बाद भरोसा दिलाया कि जमीन दिला दी जाएगी। इसके बाद आरोपियों के कहने पर महिला ने 26 मार्च 2026 को जहानागंज ब्लॉक रोड पर 60 हजार रुपये नकद दिए। इसके अगले दिन 27 मार्च 2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 2.50 लाख रुपये अवधशरण चौबे उर्फ राजित चौबे के खाते में ट्रांसफर किए गए।


आरोप है कि रकम लेने के बावजूद अब तक महिला को जमीन नहीं दी गई और न ही उसके रुपये वापस किए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने मामले में थाना जहानागंज में पहले भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद 13 अगस्त 2026 को जहानागंज थाने में FIR दर्ज की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले की विवेचना विनय कुमार, निरीक्षक/उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, रकम के लेनदेन और जमीन से संबंधित पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अवधशरण चौबे उर्फ दाढ़ी, हरेंद्र राजभर और नन्दलाल सिंह को नामजद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *