डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार, साजिश नाकाम, भारी मात्रा में असलहा बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ शहर

बदमाशो के पास से मिले तीन पिस्टल, दो तमंचा, कारतूस व डकैती में प्रयुक्त होने वाले औजार

पुलिस ने गंभीरवन स्थित विद्यालय के खंडहर से बदमाशों को किया गिरफ्तार

आजमगढ़। डकैती की योजना बना रहे पांच साथी बदमाशों को जहानागंज पुलिस ने सोमवार की देर रात गिरफ्तार किया। उनके पास से भारी मात्रा में असलहो के साथ ही डकैती में प्रयुक्त होने वाले औजार बरामद किए गए। सभी बदमाशों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।

जहानागंज थाना पुलिस सोमवार की रात क्षेत्र में चक्रमण कर रही थी। उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर, शिवम त्यागी व गौरव सिंह की निगरानी में पुलिस टीम क्षेत्र में चोरी, नकबजनी और डकैती की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गम्भीरवन स्थित कृष्णा कॉलेज के खंडहर में छापेमारी किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभिषेक यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी, अजय यादव निवासी जहानाबाद थाना मधुबन (मऊ), आशीष चैहान निवासी गेलवारा थाना सिधारी, जयहिंद मौर्य तथा गोविंद यादव निवासी मोहनाठ थाना निजामाबाद के रूप में की गई। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तीन पिस्टल .32 बोर, छह जिंदा कारतूस .32 बोर, दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस .315 बोर, एक कटर, एक पाइप हथौड़ी, लोहे की पाइप में लगी चकरी तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किया। अभियुक्तों के खिलाफ जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया हैै। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *