आजमगढ़, 14 जून 2026
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा जनपद आजमगढ़ के 14 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आयोग एवं शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया गया। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों की निगरानी के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारियों की तैनाती कर सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।

परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया गया। इसी क्रम में शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का जिलाधिकारी रविंद कुमार द्वारा निरीक्षण कर वहां स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग प्रणाली तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।

इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा कक्षों की निगरानी, प्रवेश द्वारों पर जांच व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा प्रक्रिया की पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान समुचित सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जनपद के सभी 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता एवं सतर्कता के कारण परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।