
मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही थी महिला, परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बलरामपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भुडकूड़ा (पेड़रा) गांव में सोमवार को एक 62 वर्षीय महिला का शव उसके पुराने घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेड़रा गांव निवासी प्रतिमा पाण्डेय पत्नी अजय पाण्डेय ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उनकी सास विजयलक्ष्मी देवी पत्नी केशव प्रसाद पाण्डेय, उम्र करीब 62 वर्ष, मानसिक रूप से बीमार थीं।
परिजनों के मुताबिक सोमवार को करीब ढाई बजे विजयलक्ष्मी देवी अपने पुराने घर में थीं। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की कार्रवाई पूरी करते हुए पंचायतनामा और अन्य आवश्यक कागजी कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।