
ड्यूटी से लौटे आरक्षी के साथ घर के सामने गाली-गलौज, विरोध करने पर पीटने और जान से मारने की धमकी दी
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौटकर किराये के मकान के सामने पहुंचे एक पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित आरक्षी की तहरीर पर मेहनाजपुर थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार शेखर सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह मेहनाजपुर थाने में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। 19 अगस्त की शाम वह आरक्षी अभिषेक चौधरी के साथ संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग ड्यूटी में लगे थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों रात 7:50 बजे मेहनाजपुर सोनवर्षा गली स्थित किराये के मकान पर पहुंचे।
इसी दौरान मकान के सामने थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रदीप सिंह उर्फ भीम सिंह, अमजद अहमद और विशाल सिंह उर्फ आकाश सिंह पहुंचे और तीनों एक राय होकर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगे। पुलिसकर्मियों ने गाली देने से मना किया तो तीनो मारपीट पा आमादा हो गए। तरना ही नहीं दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दिया।
मारपीट में आरक्षी के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। आरक्षी शेखर सिंह को मारते-पीटते देखकर उनके साथ मौजूद आरक्षी अभिषेक चौधरी ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। इसके साथ ही घटना की जानकारी थाना प्रभारी को भी दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर प्रदीप सिंह उर्फ भीम सिंह वहां मौजूद मिला, जबकि अमजद अहमद और विशाल सिंह उर्फ आकाश सिंह पुलिस को आता देखकर वहां से हट गए। आरक्षी की तहरीर के आधार पर प्रदीप सिंह उर्फ भीम सिंह पुत्र स्वर्गीय अवधराज सिंह निवासी सोनवर्षा, मेहनाजपुर, अमजद अहमद पुत्र गफ्फार अहमद निवासी चकिया कसरावल तथा विशाल सिंह उर्फ आकाश सिंह पुत्र कौशलेंद्र सिंह उर्फ कोसेंद्र सिंह निवासी डंडवल, मेहनाजपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 3(5), 115(2), 352 और 351(3) का उल्लेख है। मामले की विवेचना के लिए उपनिरीक्षक/वरिष्ठ निरीक्षक अमित कुमार पाल को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।