
कप्तानगंज पुलिस का खुलासा; आधार-पैन, मोबाइल और OTP सत्यापन के बाद कराया गया फर्जी बैनामा
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन का फर्जी बैनामा कराने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 3.50 लाख रुपये लेकर जमीन के वास्तविक मालिक गोविंद पुत्र झूरी की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कराकर बैनामा कराया गया। पुलिस ने विवेचना में नाम सामने आने के बाद प्रेमा पत्नी रोहित और सत्यम विश्वकर्मा को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को हूँसेपुर सनूप निवासी एक महिला ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके जेठ संजय सिंह से ग्राम मादेपुर निवासी गोविंद पुत्र झूरी की पत्नी और प्रेमा पत्नी रोहित ने जमीन बेचने की बात कही थी। आरोपियों ने बताया था कि बच्चे के इलाज सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए उन्हें तत्काल रुपये की जरूरत है।
आरोप है कि जमीन का सौदा 3.50 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद रकम गोविंद पुत्र झूरी के बैंक खाते में जमा कराई गई और कुछ धनराशि नकद भी दी गई। बैनामा कराने के लिए आरोपियों ने तीन दिन का समय मांगा।
पुलिस के मुताबिक, बैनामा के दौरान वास्तविक गोविंद की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर दिया गया। उसकी फोटो लगवाकर बैनामा की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और OTP सहित आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
बाद में वादिनी को जानकारी हुई कि वास्तविक जमीन मालिक की जगह फर्जी व्यक्ति खड़ा कराकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत जमीन का बैनामा कराया गया है। शिकायत के आधार पर कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद मंगलवार को उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रेमा पत्नी रोहित निवासी मादेपुर और सत्यम विश्वकर्मा को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।