
हियरिंग डिवाइस और ब्लूटूथ से नकल कराने की थी तैयारी, पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक आरोपी को बस अड्डे से किया गिरफ्तार
आजमगढ़। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थी को नकल कराकर पास कराने की साजिश का आजमगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर्जनपदीय नकल माफिया गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
मामला 9 अगस्त का है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में आयोजित UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान वाराणसी निवासी अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर कक्ष निरीक्षकों ने उसकी तलाशी ली। जांच में उसके कान के अंदर से एक हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर के अंदर से सिम लगा ब्लूटूथ डिवाइस व दो सेल बैटरी बरामद हुई थीं।
पूछताछ में सामने आया कि अभ्यर्थी को परीक्षा में बाहर से प्रश्नों के उत्तर बताकर पास कराने की तैयारी थी। इस मामले में आलोक पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
₹6 लाख में तय हुआ था सौदा
विवेचना के दौरान नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, आलोक पटेल को परीक्षा में पास कराने के लिए ₹6 लाख में सौदा तय हुआ था। नकल के लिए उसे हियरिंग/ईयर डिवाइस और ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराई गई थी। डिवाइस देने के एवज में ₹15 हजार एडवांस लिए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
बस अड्डे से आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू (31) निवासी कुरौना सरौनी, थाना जंसा, वाराणसी को प्राइवेट बस अड्डा आजमगढ़ से करीब 12:30 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपने मित्र आनंद पटेल और कुश पटेल के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने की व्यवस्था करने वाले लोगों से संपर्क की बात बताई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पहले से दर्ज है मुकदमा
इस मामले में थाना कोतवाली में बीएनएस, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के फूलपुर थाने में वर्ष 2021 का भी एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।
पुलिस अब पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों और नकल गिरोह के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।