
बालू गिराते समय ट्रक पर चढ़ा था 21 वर्षीय अंश, तीन बहनों का इकलौता भाई था मृतक
बलरामपुर। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के फरीदगंज बाजार स्थित कमरावा मोड़ पर मंगलवार की रात दर्दनाक हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रक से बालू गिराते समय चालक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के लखमलपुर पट्टी लाला राय (एकमा) गांव निवासी रामानंद यादव का 21 वर्षीय पुत्र अंश कुमार यादव ट्रक चालक था। बताया गया कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह ट्रक से बालू लेकर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावा मोड़ स्थित गब्बू सोनकर के घर पहुंचा था।
बालू गिराते समय अंश उसे देखने के लिए ट्रक के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अंश कुमार यादव तीन बहनों में इकलौता भाई था। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।