

शुक्रवार की शाम गांव के चार अन्य बच्चों के साथ मंजूषा नदी में गया था नहाने, शनिवार को बरामद हुआ किशोर का शव
हिंदी न्यूज़ 24
अहरौला, आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के सजनी गांव में मंजूषा नदी में डूबे 13 वर्षीय किशोर हिमांशु का शव शनिवार को करीब दो किलोमीटर दूर शमशाबाद गांव के समीप बरामद हुआ। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सजनी गांव निवासी हिमांशु (13) शुक्रवार को चार अन्य बच्चों के साथ मंजूषा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की गई।

एनडीआरएफ की टीम ने नदी में करीब छह घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन हिमांशु का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान रोकना पड़ा।
शनिवार को शमशाबाद गांव के समीप कुछ ग्रामीण नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उन्हें नदी में किशोर का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एनडीआरएफ टीम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला।
हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हिमांशु दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

एनडीआरएफ टीम ने शव को अहरौला थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत से सजनी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है।