नेहा अग्रवाल बनीं अध्यक्ष, निमिषा अग्रवाल को सचिव की जिम्मेदारी; समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष फोकस
आजमगढ़। दुनिया के सबसे बड़े महिला स्वैच्छिक संगठन इनर व्हील क्लब नवेली का संस्थापन समारोह रोडवेज स्थित एक होटल के सभागार में उत्साह, गरिमा और सेवा भावना के साथ आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा अंतर्राष्ट्रीय इनर व्हील की थीम “ग्रो एंड फ्लरिश” के साथ नए सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नई कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह रहा। इसमें नेहा अग्रवाल ने अध्यक्ष, निमिषा अग्रवाल ने सचिव, अमृता अग्रवाल ने संपादक, मानसी अग्रवाल ने आईएसओ, रीना अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष तथा पूजा अग्रवाल ने उपाध्यक्ष का पदभार संभाला। वहीं प्रज्ञा अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, रुचिरा डालमिया, प्रणिता खेतान और मोना गोयल को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष नेहा अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में भी प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी मैत्री, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। समारोह का समापन क्लब की नई थीम “ग्रो एंड फ्लरिश” के अनुरूप सेवा, एकता और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के संकल्प के साथ हुआ।