सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर तालाब की सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से की शिकायत

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

तालाब पर फार्म हाउस, खेती और मछली पालन कराने का आरोप, निष्पक्ष जांच व अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग


आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के मोहनपुर पटवास गांव के ग्रामीणों ने लालगंज लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और उनके परिजनों पर सरकारी तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त आजमगढ़ को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।


ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की आराजी संख्या 137, रकबा 7.798 हेक्टेयर दर्ज तालाब की भूमि पर सांसद और उनके परिजनों ने कथित रूप से कब्जा कर फार्म हाउस बना लिया है। शिकायत के अनुसार, तालाब के एक हिस्से में खेती की जा रही है, जबकि दूसरे हिस्से में मछली पालन कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह तालाब पहले पशुओं के नहाने, ग्रामीणों के दैनिक उपयोग और अन्य सार्वजनिक कार्यों के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन कथित कब्जे के कारण अब आम लोगों का उस पर अधिकार समाप्त हो गया है।


ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत पहले मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश भी दिए थे, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभाव के चलते मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो सरकारी तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर जनसामान्य के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *