
नेहरू हॉल में जनसभा, आइसा नेताओं ने शिक्षा के निजीकरण और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शिक्षा और रोजगार के सवाल को लेकर उत्तर प्रदेश में निकाली जा रही GenZ महाजुटान यात्रा रविवार को प्रयागराज और वाराणसी होते हुए आजमगढ़ पहुंची। नेहरू हॉल में आयोजित जनसभा में आइसा (AISA) और भाकपा (माले) के नेताओं ने शिक्षा, रोजगार, छात्र अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। कार्यक्रम में छात्रों-युवाओं के साथ नागरिक समाज से जुड़े लोग, वकील, पत्रकार और बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।
सभा को आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा, प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड मनीष, प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड सोनाली यादव और भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता कॉमरेड जय प्रकाश नारायण ने संबोधित किया।
‘सरकारी स्कूल बचाने की लड़ाई लड़ रहे’
आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि NEP 2020 के जरिए शिक्षा के कथित निजीकरण के खिलाफ जुटान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है, जिससे गरीब, दलित, आदिवासी, मुस्लिम और लड़कियों के शिक्षा के अधिकार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन हर स्कूल में पर्याप्त शिक्षक, लैब और लाइब्रेरी की व्यवस्था की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है।
आइसा के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड मनीष ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के लाखों पद खाली हैं, लेकिन भर्ती नहीं की जा रही है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में छात्र संघों पर प्रतिबंध का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्र रोजगार और शिक्षा के सवाल पर अपनी आवाज उठाना चाहते हैं। महाजुटान यात्रा शिक्षा और रोजगार को एक ही संघर्ष के दो महत्वपूर्ण हिस्सों के रूप में जोड़ रही है।
‘शिक्षा के साथ संविधान और लोकतंत्र की भी लड़ाई’
भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता कॉमरेड जय प्रकाश नारायण ने कहा कि आजमगढ़ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष की धरती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में शिक्षा और लोकतंत्र पर नया हमला हो रहा है। बनारस में गांधी भवन जैसे संस्थानों पर बुलडोजर चलाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ क्लासरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से भी जुड़ी है।
आइसा आजमगढ़ के संयोजक कॉमरेड अभिषेक ने कहा कि आजमगढ़ के डीएवी और शिब्ली समेत कई कैंपसों में छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने विवेक यादव के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमे का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन इस लड़ाई को कैंपस से गांव तक ले जाएगा।
जनगीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान कोरस के साथी समता, रुनझुन, बन्टू और अंकुर ने जनगीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव शशांक ने किया।
जनसभा में वसीउद्दीन, रविन्द्र नाथ राय, अनिल राय, अशोक राय, फहीम, हेमन्त कुमार, कल्पनाथ यादव, विमला यादव, बृजेश राय, विरेन्द्र यादव, राजशेखर यादव, सुदर्शन, रामकृष्ण, रामजीत प्रजापति, मुन्शी प्रजापति, रामाश्रय निषाद, अरबिन्द गौतम और दिनेश यादव समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा तथा वकील, पत्रकार और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।