
लालगंज में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया अभिनंदन, 2027 चुनाव में महिलाओं को जोड़ने का लिया संकल्प
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव नियुक्त होने के बाद चंदा चौहान का रविवार को लालगंज में जोरदार स्वागत किया गया। नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित सपा कार्यालय के समीप लोहिया नगर मोहल्ले में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव चंदा चौहान के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
गांव-गांव महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का संकल्प
स्वागत से अभिभूत चंदा चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं को संगठन में महत्वपूर्ण भागीदारी देकर यह संदेश दिया है कि पार्टी महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। वह गांव-गांव जाकर महिलाओं को समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगी।
लालगंज के लिए गर्व की बात : बेचई सरोज
क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज ने कहा कि चंदा चौहान के राष्ट्रीय सचिव बनने से लालगंज विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे आजमगढ़ के समाजवादी कार्यकर्ताओं का मान बढ़ा है। यह लालगंज विधानसभा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि चंदा चौहान के नेतृत्व में महिला सभा और अधिक मजबूत होगी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं संगठन से जुड़ेंगी।
इस अवसर पर लालगंज विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव, मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद शाह आलम, श्याम कहैया यादव, राम पलट चौहान, नूरआलम, शैलेश यादव, राजेश विश्वकर्मा, रामाश्रम यादव पाचू, संध्या गौतम, मनीषा गौड़, सरिता चौहान, नीलू खान, किस्मती, सुनीता राजभर, तारा देवी, रजवत्ता राजभर, उषा राजभर, संगीता चौहान, सूरज यादव, अशोक प्रजापति, गुलाब राजभर, राम अवध यादव, जय सिंह चौहान, ठाकुर प्रसाद, बीडी प्रसाद, राजू यादव, रम्मन यादव, मोचन मौर्या सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।