
पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम श्रद्धांजलि
आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे सिधारी थाना क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस (UP 50 DT 7577) ने आरक्षी बलवंत सिंह यादव को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी समाप्त कर पुलिस लाइन लौट रहे थे। दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव पुत्र मोती सिंह यादव, जनपद चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था और 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कमिश्नर सुरक्षा गार्ड में थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों को अवगत कराया। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।