
साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत, एनसीआरपी पर शिकायत के बाद न्यायालय के आदेश से वापस हुई पूरी रकम
आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित को ₹53,000 की पूरी धनराशि वापस दिलाई है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को बरदह थाना क्षेत्र के गयासपुर गांव निवासी अजय कुमार पुत्र रामचरन यादव का मोबाइल फोन हैक कर साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से ₹53,000 की ऑनलाइन ठगी कर ली थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही बरदह थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते में ठगी की गई धनराशि को होल्ड करा दिया। इसके बाद नियमानुसार न्यायालय से फंड रिलीज आदेश प्राप्त किया गया तथा संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर पीड़ित के खाते में ₹53,000 की पूरी रकम सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने पर ठगी की गई धनराशि को होल्ड कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।