
पीएचसी व्योहारा में डॉक्टर व फार्मासिस्ट मिले अनुपस्थित, चेवार स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
बलरामपुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने रविवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले, जबकि एक स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था सामने आई। सीएमओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमओ सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व्योहारा (लालगंज) पहुंचे, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र गुप्ता और फार्मासिस्ट धीरज उपाध्याय ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने दोनों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करने के साथ अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में बिना अनुमति अनुपस्थित रहना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेवार का निरीक्षण किया। यहां सभी चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित मिले, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र परिसर एवं मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास गंदगी और उगी घास देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने और नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मरीजों से बातचीत कर उपचार, दवा वितरण और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।