BJP सरकार भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी की सरकार, 2027 में जनता देगी जवाब: धर्मेंद्र यादव

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

सपा सांसद ने कानून व्यवस्था, गोरखपुर घटना, पुलिस रिफॉर्म और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर सरकार पर साधा निशाना
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक एवं धर्मेंद्र यादव ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है, जिसके कारण प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट का माहौल बना हुआ है।


धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार सरकार की नीयत से पैदा होता है। उनका आरोप था कि सरकार में बैठे मंत्री, अधिकारी और उनके प्रतिनिधि जनता की सेवा के बजाय लूट में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।


गोरखपुर घटना पर सरकार को घेरा
गोरखपुर में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सदन से लेकर सड़क तक पीड़ितों के साथ है और आरोप लगाया कि घटना के बाद सत्ता पक्ष का कोई सांसद या जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा।


पुलिस रिफॉर्म और युवा आंदोलन पर उठाए सवाल
पुलिस सुधार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से यह विषय लंबित है, लेकिन सरकार की नीयत ठीक नहीं होने के कारण सुधार नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं के आंदोलनों को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग किया, हालांकि युवाओं की एकजुटता के कारण सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी।


राम मंदिर चढ़ावा मामले का भी किया जिक्र
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 6 जून को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राम मंदिर चढ़ावा मामले में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी किसी दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार पर “पिक एंड चूज” की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे को जनता के बीच लगातार उठाया जाएगा।


उन्होंने अंत में दावा किया कि BJP सरकार जनता से किए गए एक भी प्रमुख वादे को पूरा नहीं कर सकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इसका जवाब अपने मतदान से देगी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *