
रौनापार पुलिस ने NBW के बाद साकीनाका से दबोचा, ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाकर न्यायालय में किया पेश हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर उसकी बिना सहमति गर्भपात कराने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में रौनापार पुलिस ने वांछित आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) प्राप्त करने के बाद तकनीकी माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में मिलने पर स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया।
रौनापार थाना क्षेत्र की वादिनी ने 4 जुलाई 2026 को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप है कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर निवासी तारकेश्वर यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वादिनी के गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसकी बिना सहमति गर्भपात करा दिया। इसके बाद खेत अपने नाम कराने पर शादी करने की बात कही गई। खेत नाम न करने पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 179/2026 के तहत धारा 69, 89 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
साकीनाका में मिली लोकेशन, स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तारी
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के आदेश पर वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। विवेचक ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ NBW प्राप्त किया। इसके बाद तकनीकी माध्यम से उसकी लोकेशन मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में मिली।
पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक अनुराग पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुमित सिंह और महिला कांस्टेबल नारायणी तिवारी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 21 सितंबर को आरोपी तारकेश्वर यादव को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित कोर्ट नंबर 66 में पेश किया गया। वहां से 22 सितंबर को ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को आजमगढ़ लेकर पहुंची। 24 सितंबर को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।