झाड़-फूंक के बहाने महिलाओं को बेहोश कर जेवरात उड़ाने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

तंत्र-मंत्र का झांसा देकर घर में बनाते थे भरोसा, बेहोशी की दवा पिला करते थे चोरी, चोरी का माल खरीदकर गलाने वाला सुनार भी गिरफ्तार
आजमगढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर घर से जेवरात व नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी महिलाओं को झाड़-फूंक के नाम पर अपने जाल में फंसाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे, जबकि तीसरा आरोपी चोरी के जेवरात को सस्ते दामों में खरीदकर गलाने का काम करता था।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजम पुत्र इसरार अहमद निवासी फ्रेण्ड्स कालोनी बदरका, थाना कोतवाली, उम्र करीब 24 वर्ष, अब्दुल राजिक पुत्र मोहम्मद रईश निवासी कोईलारी, थाना रानी की सराय, उम्र करीब 29 वर्ष और सूरज वर्मा पुत्र स्व. रामरतन सेठ निवासी मोहल्ला दलसिंगार, थाना कोतवाली, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है।


चार माह पहले झाड़-फूंक के बहाने घर में बनाई थी पैठ
पुलिस के मुताबिक जलंधरी निवासी गुड़िया पत्नी शमशाद अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब चार माह पूर्व मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक चंदा मांगने के बहाने उसके घर पहुंचे थे। उसकी बेटी रोजी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर दोनों ने झाड़-फूंक से उसे ठीक करने का झांसा दिया।


इसके बाद वादिनी अपनी बेटी और बहन के साथ आरोपियों के घर गई, जहां उन्हें झाड़-फूंक और ताबीज दिया गया। अगले दिन दोनों आरोपी फिर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि झाड़-फूंक के नाम पर पानी में कुछ मिलाकर पिलाया गया और कोई पदार्थ सुंघाया गया, जिससे महिला, उसकी बेटी और बहन बेहोश हो गईं। इसी दौरान आरोपियों ने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली।
इस मामले में कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 421/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।


काले साये का डर दिखाकर दूसरी महिला को भी बनाया निशाना
इसी तरह बाज बहादुर निवासी रिजवान अहमद ने पुलिस को बताया कि 25 मार्च 2026 को दो व्यक्ति झाड़-फूंक और चंदा मांगने के बहाने उसके घर आए थे। आरोपियों ने उसकी पत्नी को तंत्र-मंत्र और काले साये का झांसा देकर भ्रमित किया। इसके बाद फूंका हुआ पानी छिड़कने और कोई पदार्थ सुंघाने के बाद उसे बेहोश कर दिया गया और घर में रखे जेवरात चोरी कर लिए गए। इस मामले में भी कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 422/2026 दर्ज किया गया था।


कोट तिराहा से रात में दबोचे गए तीनों आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 अगस्त की रात करीब 11:28 बजे कोट तिराहा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक झाड़-फूंक एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को विश्वास में लेते थे। इसके बाद बेहोशी की दवा पिलाकर या सुंघाकर घर से जेवरात और नगदी चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए जेवरात को सूरज वर्मा सस्ते दामों में खरीदकर गलाकर आगे बेच देता था।


मंगलसूत्र, नाक की कील, नगदी और तंत्र-मंत्र का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक नाक की कील, 700 रुपये नगद, आठ सिक्के, मिट्टी का एक मटका, कांच की एक शीशी, करीब 150 से 200 ग्राम काली सरसों समेत तंत्र-मंत्र एवं झाड़-फूंक का सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज दोनों मुकदमों में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


यह पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल पिन्टु यादव, रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक जायसवाल और रिजर्व कांस्टेबल गिरिजाशंकर, थाना कोतवाली आजमगढ़ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *