
जिला कार्यालय पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भास्कर निषाद के आजमगढ़ प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने फूल-माला, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर उनकी अगवानी की।
इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष इंद्रेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भास्कर निषाद का अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह जताया और नई जिम्मेदारी मिलने पर मिठाई बांटकर उन्हें बधाई दी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महामंत्री भास्कर निषाद ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
भास्कर निषाद ने कहा कि पिछड़ा समाज भाजपा की नीतियों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि भास्कर निषाद को गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री बनाए जाने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष इंद्रेश चौहान ने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वहीं जिला महामंत्री मिथिलेश चौरसिया ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को संगठन की सक्रियता का संकेत बताया। कार्यक्रम का संचालन भी मिथिलेश चौरसिया ने किया।
इस अवसर पर राजेश विश्वकर्मा, जय जय राम प्रजापति, रवि गुप्ता, सौरभ गुप्ता, राजू चौहान, अमित गुप्ता, शिवजीत चौहान, हनुमान चौहान, परमहंस चौहान, संतोष मद्धेशिया, बाबूराम चौधरी, हरेंद्र चौहान, प्रमोद चौहान, अरविंद प्रजापति, राजेश रंजन और चंद्रभान यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।