
दिवंगत सपा विधायक आलमबदी के आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, प्रदेश सरकार की एनकाउंटर नीति पर उठाए सवाल
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी रविवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने कुर्मी टोला स्थित निजामाबाद के दिवंगत सपा विधायक आलमबदी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत विधायक को सादगी की मिसाल बताते हुए कहा कि आज के दौर में ऐसे नेता बहुत कम देखने को मिलते हैं।
श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत में अबू आसिम आजमी ने प्रदेश सरकार की एनकाउंटर नीति पर जमकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी के खिलाफ कार्रवाई संविधान और कानून के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर जिस तरह कार्रवाई की जा रही है, वह ‘एनकाउंटर नहीं, मर्डर हो रहा है।’
उन्होंने कहा कि वास्तविक एनकाउंटर तभी माना जाएगा, जब कोई अपराधी पुलिस पर हमला करे और पुलिस जवाबी कार्रवाई करे। कानून के दायरे से बाहर जाकर किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
गठबंधन को लेकर बोले- सरकार बनने का भरोसा
एआईएमआईएम के साथ चुनावी गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि फिलहाल गठबंधन मजबूत है और उन्हें सरकार बनने का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी अन्य दल के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
गौकशी पर सख्त कानून की वकालत
गौकशी के मुद्दे पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि गाय काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे मामलों में फांसी की सजा का प्रावधान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि गाय को गौमाता का दर्जा दिया गया है तो इससे संबंधित कानून केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरे देश में समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों और गोवा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर पूरे देश में एक समान नीति होनी चाहिए।
ओम प्रकाश राजभर पर भी साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और उन पर विश्वास नहीं करते। उन्होंने राजभर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘वह छोटे आदमी हैं।’