सड़क हादसे में बाइक सवार लैब टेक्नीशियन समेत दो की मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे अधेड़ को अज्ञात चार पहिया वाहन ने कुचला, अस्पताल पहुंचने पर ज्ञानेंद्र ने भी तोड़ा दम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मरगोपुर-कौड़िया के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार लैब टेक्नीशियन समेत दो लोगों की मौत हो गई। बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे अधेड़ को पीछे से आए अज्ञात चार पहिया वाहन ने कुचल दिया, जबकि हादसे में घायल बाइक सवार ने मंडलीय अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के उंचडिहा गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार यादव (30) सोमवार को आजमगढ़ आए थे। परिजनों के अनुसार, कोरोना काल में वह लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। बाद में उनकी सेवा समाप्त हो गई थी। न्यायालय के आदेश के बाद नियुक्ति बहाल होने पर वह सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पदभार ग्रहण करने आए थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद ज्ञानेंद्र बाइक से घर लौट रहे थे। कौड़िया के पास उनकी बाइक की टक्कर सड़क पर पैदल जा रहे जलालपुर जगजीवन पट्टी निवासी हौसिला (55) से हो गई। टक्कर लगने से हौसिला सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ज्ञानेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें रानीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ज्ञानेंद्र अपने पीछे एक बेटी छोड़ गए हैं। वहीं, हौसिला गांव-गांव घूमकर कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करते थे। उनके परिवार में छह बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *